होली नजदीक आते ही दूसरे शहरों और राज्यों में नौकरी करने वाले लोगों की घर वापसी मुश्किल हो गई है। ट्रेनों में अभी से लंबी वेटिंग चल रही है, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है और कई लोग अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने को मजबूर हैं। रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है, लेकिन भरवारी और सिराथू स्टेशन पर ठहराव नहीं है।
मंझनपुर निवासी रजोल और राज ने बताया कि मुंबई से होली में घर आने के लिए पहले से टिकट नहीं करवाया था। पिछले दो दिनों से दादर स्टेशन पर टिकट लेने के लिए लंबी लाइन में लग रहे हैं, लेकिन टिकट नहीं मिल पा रहा है। इसलिए प्राइवेट बस का टिकट लेकर घर पर होली मनाने के लिए आ रहे हैं।
इसी तरह मंझनपुर के गुलाम ने कहा कि गुजरात से आने वाले प्रयागराज रूट की सभी ट्रेनों में पहले से ही लंबी वेटिंग है। इससे इस बार होली में टिकट नहीं मिल रहा है। घर आने के लिए कई जगहों पर बस बदल कर आना पड़ेगा।
होली पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, कई रूटों पर स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा, यात्रियों की संख्या बढ़ने पर स्पेशल ट्रेन के अतिरिक्त फेरे लगवाए जायेंगे, जिससे यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सके। - अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य प्रदेश प्रयागराज मंडल