नगर पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2012 में बनी एक किलोमीटर लंबी सड़क बदहाली का शिकार हो गई है। अजमतपुर के बीच का पुरवा से रसूलपुर मढि़यामई को जोड़ने वाली इस सड़क में लगभग तीस से अधिक बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
कमला देवी इंटर कॉलेज के पास छोटी नहर पटरी पर बनाई गई यह सड़क करीब बारह वर्ष पहले नगर पंचायत की तरफ से निर्मित कराई गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के उपयोग के कारण सड़क कुछ ही वर्षों में उखड़ने लगी।
इस मार्ग से बहुआ, बीच का पुरवा, अजमतपुर, रसूलपुर मढि़यामई, भौंतर, परास और अजुहा कस्बा सहित दर्जनों गांवों के लोग रोजाना आते-जाते हैं। सड़क की हालत इतनी खराब है कि बाइक चलाना तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। -अनिल केसरवानी, कस्बा निवासी
एक किलोमीटर सड़क में लगभग तीस बड़े गड्ढे हो चुके हैं। बरसात में इनमें पानी भर जाता है, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। करीब एक माह पहले एक ई-रिक्शा गड्ढे में पलट गया था और सवारियां घायल हो गई थीं। - शमसेर सिंह, बीच का पुरवा
नगर पंचायत क्षेत्र में होने के बावजूद ग्रामीण इलाकों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सड़क की दुर्दशा से स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई बार सड़क पर बने गढ्ढों की वजह से हादसे भी हो चुके हैं। -शुभम केसरवानी, कस्बा निवासी
सड़क की जर्जर स्थिति की जानकारी मिली है और शीघ्र मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - शांति देवी कुशवाहा, चेयरमैन
अनिल केशरवानी
अनिल केशरवानी