टीवी पर युद्ध की पल-पल की जानकारी लेते सहाब सलमान के परिजन:संवाद
ईरान में चल रहे गोलाबारी के बीच फंसे करारी क्षेत्र के छात्र समेत अन्य लोग डर के साए में रह रहे हैं। कुछ छात्रों ने वाइस मैसेज कर अपने माता-पिता से बात करते हुए कहा कि अम्मी-अब्बू दुआ करें। यहां के हालात बहुत ही खतरनाक मोड़ पर पहुंच गए हैं। इससे परिजनों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
दो दिन पहले शुरू हुई ईरान इजराइल जंग भयावाह रूप लेती जा रही है। चारों तरफ मौत की खामोशी फाइटर जेट्स की गरजती आवाज से लोगों के दिल दहल रहे हैं। उधर ईरान में फंसे जनपद के बच्चों की वापसी को लेकर अभी तक कोई ठोस पहल किसी भी स्तर से देखने को नहीं मिली।
वहां फंसे करारी क्षेत्र निवासी शहाब सलमान ने आज सुबह किसी तरह वाइस मैसेज कर अपने अब्बू और अम्मी से कहा कि आप लोग अल्लाह से दुआ करें कि यहां के हालात बेहतर हो जाएं। मैसेज आने के बाद से परिजनों के चेहरे पर उदासी देखी जा रही है।
इसी तरह महदी हसन रिजवी, मोहम्मद मोहसिन, एलिया बाकर, मोहम्मद मीसम आदि छात्र उड़ान रद्द होने के कारण वहां फंसे हुए हैं और उनके सुरक्षित लौटने के लिए नगर में दुआओं का दौर जारी है। साथ ही परिजन लगातार टीवी के माध्यम से वहां की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।