फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीस गांवों में तीन दिनों से न बिजली न पानी

Sat, 27 Jun 2015 12:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
कल्यानपुर (कौशाम्बी)। कछुआ उपकेंद्र के इनकमिंग ट्रांसफार्मर में आई खराबी के चलते तीन दिनों से 30 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। गर्मी के मौसम में बिजली गुल होने से जहां हजारों लोग परेशान हैं वहीं सबसे ज्यादा दिक्कत शहजादपुर गांव के लोग उठानी पड़ी है। बिजली नहीं मिलने से पानी की भी आपूर्ति ठप है। हैंडपंप और कुएं का पानी खारा होने के कारण लोगों को पीने के लिए दूसरे गांव से पानी लाना पड़ रहा है। तीन दिन बाद भी फाल्ट ठीक करके आपूर्ति बहाल नहीं किए जाने से लोगों में गुस्सा है।
विज्ञापन


सिराथू तहसील क्षेत्र के शहजादपुर, तरसौरा, परसखी, ननमई, अंदावा, सिपाह, हब्बूनगर, रामपुर बढ़नावां, केसरिया, ननसेनी आदि गंगा कछार के 30 से अधिक गांवों में बिजली की आपूर्ति कछुआ उपकेंद्र से होती है। कछुआ उपकेंद्र से जुड़े इन गांवों में बुधवार सुबह से बत्ती गुल है। लोगों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे रोस्टर के मुताबिक बिजली की आपूर्ति दी गई थी। मगर 5 मिनट बाद ही बत्ती गुल हो गई। तब से बिजली नहीं आई। पूरा दिन बत्ती गुल रहने पर गांववालों ने उपकेंद्र जाकर पता किया तो बताया गया इनकमिंग ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। इसे दुरुस्त करके आपूर्ति बहाल की जाएगी। तीन दिन बाद भी ट्रांसफार्मर की गड़बड़ी अब तक ठीक नहीं की जा सकी है। इससे गंगा तराई में बसे गांवों में बुधवार से बिजली आपूर्ति ठप है।

भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में बिजली नहीं मिलने से लोग बेहाल हैं। ग्रामीणों को रात में घरेलू कामकाज ढिबरी जलाकर करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत तो शहजादपुर गांव में है। वहां तीन दिनों से पानी के लिए भी हाहाकार मचा है। करीब10 हजार की आबादी वाले इस गांव के सभी हैंडपंप और कुओं का पानी खारा है। पीने के लिए सिर्फ सप्लाई का पानी ही एकमात्र सहारा है। बिजली गुल होने से इस गांव में पानी की भी सप्लाई बंद है। जिससे ग्रामीणों को दूसरे गांवों से पीने के लिए पानी भरकर लाना पड़ रहा है।
विज्ञापन


शहजादपुर गांव के डॉ. ऊधम सिंह, छगनलाल चौरसिया, आयुष तिवारी, द्वारिका प्रसाद, राजकुमार, अनिलकुमार पटेल, लवकुश सोनकर, हरिशंकर आदि ने बताया कि बुधवार शाम को ही उपकेंद्र जाकर बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायत कर दी गई थी। इसके बाद भी अब तक फाल्ट ठीक करके आपूर्ति बहाल नहीं कराई जा सकी है। मामले में एसडीओ आरसी अनुरागी ने बताया कि इलाहाबाद से मिस्त्री बुलाकर फाल्ट ठीक कराई जा रही है। शनिवार सुबह तक कछुआ उपकेंद्र से जुड़े सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें