आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत दो घरों की गृहस्थी खंगाल ले गए चोर
-पइंसा कोतवाली के कटरा गांव में सोमवार की रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पइंसा। कटरा गांव में सोमवार की रात सेंधमारी कर चोर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत दो घर से लाखों की गृहस्थी खंगाल ले गए। मंगलवार की सुबह पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी हुई।
कटरा गांव की कमला देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। बताया कि रोजाना की तरह सोमवार की रात भी वह परिवार के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रही थी। आधी रात को दरवाजे के बगल में सेंध लगाकर घर के भीतर घुसे चोरों ने कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर 35 हजार नकदी के साथ करीब डेढ़ लाख रुपये कीमती गहने, बर्तन, कपड़ा आदि पार कर दिया। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी शारदा सोनकर के घर को निशाना बनाया। दरवाजे में लगी ईंट निकाल कर घर के भीतर घुसे और बक्से में रखा 11 हजार नकदी व सोने-चांदी के गहने पार कर ले गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करते हुए घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।