भरवारी। कोखराज कोतवाली के भटपुरवा गांव के समीप सोमवार की सुबह एक वृद्धा रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौत हो गई।
भरवारी कस्बे के वार्ड नंबर 20 केशव नगर (भटपुरवा गांव) की रामपति (65) पत्नी स्व. कंधईलाल बेटों के साथ रहती है। सोमवार की सुबह वह घर से शौच के लिए निकली थी। गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन पार करने के दौरान वृद्धा सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसके चीथड़े उड़ गए।
बताया जाता है कि रामपति शौचालय का लाभ लेने के लिए एक नहीं कई बार आवेदन किया था। बेटे रामजी व श्याम जी ने बताया कि कई बार खुद उसने नगर पालिका कार्यालय जाकर शौचालय की मांग की, लेकिन योजना का लाभ नहीं मिल सका। परिजनों का कहना है कि घर में अगर शौचालय होता तो बाहर शौच के लिए नहीं जाना पड़ता और वृद्धा की जान बच जाती।