कचहरी के लाइब्रेरी हाल के निकट निर्माणाधीन आरओ प्लांट। संवाद
कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं और वादकारियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने आरओ प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई थी। इसका निर्माण लाइब्रेरी हॉल के पास शुरू हो गया है। यहां से वकीलों व वादकारियों को पूरे साल शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए बोरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेड निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
नगर पालिका परिषद मंझनपुर ने 7 लाख 21 हजार रुपये का बजट कचहरी में आरओ प्लांट के लिए स्वीकृत किया है। नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी ने बताया कि यह कार्य बार एसोसिएशन की मांग पर हो रहा है। बताया कि आरओ प्लांट का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है और 15 से 20 दिनों में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा।
वहीं, बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अंकित त्रिपाठी ने कहा कि नगर पालिका परिषद से लंबे समय से मांग की जा रही थी। अब अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादकारियों को भी शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी। उनको पानी खरीदकर नहीं पीना पड़ेगा। गर्मी के मौसम में यह बेहद लाभकारी होगा।