कोखराज के पांडेयमऊ गांव में बुधवार रात चोरों ने जमकर गदर काटी। पांच घरों से नकदी-गहने समेत चोर करीब छह लाख रुपये कीमती सामान समेट ले गए। कहीं सेंधमारी तो कहीं ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया। गृहस्वामिनी के शक पर एक आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पांडेयमऊ निवासी बिट्टन देवी पत्नी स्व. राम दुलारे ने बताया कि रोजाना की तरह बुधवार रात भी खाने के बाद घर के लोग अलग-अलग कमरों में सोने चले गए थे। आधी रात को सभी लोग गहरी नींद में थे तभी सेंध लगाकर भीतर घुसे चोर घर से उसका व उसकी बहुओं का लगभग एक किलो चांदी व चार तोला सोने के गहने और पांच हजार रुपये उठा ले गए।
इसके बाद चोरों ने पड़ोसी लालमन के घर में सेंधमारी कर 20 हजार नकदी व 80 हजार रुपये कीमती सोने के गहने पार कर दिए। चोरों ने गांव में ही सूबेदार के घर का भी ताला तोड़ा, लेकिन भूसा वाले कमरे का ताला टूटने की वजह से खाली हाथ लौटना पड़ा। इसी तरह रमेश व सुरेश के बंद पड़े घरों से ताला तोड़कर जेवर के साथ पांच हजार नकद उठा ले गए।
बृहस्पतिवार सुबह घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने जांच की। पीड़ित गृहस्वामिनी बिट्टन देवी ने वहां पर मौजूद एक ग्रामीण पर शक जाहिर किया। इस पर पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। थाने लेजाकर उससे पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर घटना की जांच-पड़ताल की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।-चंद्रभूषण मौर्य-इंस्पेक्टर, कोखराज