रामपुर धमावां में चोरों ने मचाया उत्पात, तीन घरों से लाखों का माल पार
- जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच कर दिया कार्रवाई का आश्वासन
फोटो- 10
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली के रामपुर धमावां में मंगलवार रात चोरों ने उत्पात मचाया। तीन घरों में सेंधमारी कर चोर नकदी, जेवरात समेत लाखों का माल समेट ले गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रामपुर धमावां निवासी इंदर सोनकर के मुताबिक चोर घर के पीछे से सेंध काटकर कमरे में पहुंचे और वहां रखे बाॅक्स का ताला तोड़कर पीतल के बर्तन, चांदी के जेवरात सहित लगभग 70 हजार रुपये कीमत का सामान उठा ले गए। गांव के गोपाल के यहां भी नकब लगाकर अंदर पहुंचे चोर कीमती मोबाइल और नकदी उठा ले गए। इसी गांव के रमेश सोनकर के घर को भी चोरों का अगला निशाना बना। यहां से चोर बर्तन, नकदी व अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिवारों के होश उड़ गए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। सिराथू चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे व जाच-पड़ताल की। पीड़ित परिवारों से तहरीर लेकर चौकी प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।