कोखराज थाना क्षेत्र के बिदनपुर ककोढ़ा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने कच्ची दीवार में सेंध काटकर घर से नकदी और गहने समेत हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना के समय गर्मी के कारण गृहस्वामी घर के बाहर सो रहे थे।
पुलिस को दी गई तहरीर में राजपति ने बताया कि रात में चोर घर के पीछे की कच्ची दीवार में सेंध काटकर अंदर घुसे। इसके बाद बक्से और आलमारी में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद समेत हजारों की जेवरात भी चोरी कर लिए।
सुबह घर के अंदर सामान बिखरा मिलने और दीवार में सेंध देखकर चोरी की जानकारी हुई। पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने में जुटी है।