क्षेत्र में बस स्टॉप होने के बावजूद रोडवेज बसों का बाहर से ही गुजरना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए काफी दूर मंसूराबाद बाईपास तक जाना पड़ता है या फिर अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंसूराबाद में कई डिपो की बसों का ठहराव है इसके बावजूद बसें बाजार के अंदर से न आकर सीधे बाईपास से ही निकल जाती हैं। मंसूराबाद बाईपास जहां न तो कोई स्ट्रीट लाइट है और न ही कोई हाईमास्ट की स्थापना की गई है, सुनसान स्थानों पर यात्रियों को बस का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं का भय भी बना रहता है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य तीरथ लाल केसरवानी ने बताया कि इस मामले में क्षेत्रीय परिवहन प्रबंधक को भी पत्र के जरिये अवगत कराया मगर नतीजा शून्य ही रहा। बाजार के संतोष सोनी, फूलचंद्र मौर्य, जयवीर सिंह, दिलीप पुष्पाकर आदि लोगों ने परिवहन विभाग से इस समस्या पर जल्द ध्यान देने और बस चालकों को बाजार के अंदर निर्धारित स्टॉप पर बस रोकने के निर्देश देने की मांग की है।
साथ ही नियमित निगरानी और कार्रवाई की भी आवश्यकता जताई गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।