सरायअकिल। कोतवाली के धारूपुर व हसनपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने जमकर गदर काटी। दोनों गांवों के आधा दर्जन घरों का ताला तोड़कर चोर नकदी व जेवर उठा ले गए। सुबह मामले की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर दी है।
धारुपुर गांव में बुधवार रात चोरो ने शिवप्रसाद के घर को अपना निशाना बनाया। शिवप्रसाद व उसके परिवार के लोग घर में नही थे। चोर बंद मकान का ताला तोड़कर घर के अंदर रखा 51 हजार नकद व हजारों रुपये कीमती जेवरात उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने हंसराज यादव के घर पर लगी ईंटों को हटाकर घुसने का प्रयास किया।
जगहट हो जाने पर चोर अपने मंसूबे पर कामयाब नहीं हो सके। इसी तरह हसनपुर गांव के मजरा मऊहाई गांव में राजू रैदास के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने दो हजार नकद सहित बर्तन उठा ले गए। गांव के ज्ञान डाक्टर की क्लीनिक का ताला तोड़कर चोर सारा समान समेट ले गए। हसनपुर गांव के खेमराज विश्वकर्मा की आटा चक्की का ताला तोड़कर चोर दो बोरी अनाज उठा ले गए। इसी गांव के नादिर मियां के घर घुसे चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर एक हजार नकद और कीमती कपड़े उठा ले गए। सुबह घटनाओं की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिवारों ने सरायअकिल कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस तहरीर लेकर मामले की छानबीन कर रही है।