पन्ना का पुरवा गांव में चोरों द्वारा काटी गई सेंध
- फोटो : KAUSHAMBI
सरायअकिल कोतवाली के पन्ना का पुरवा गांव में मंगलवार रात चोरों ने दो घरों की दीवार में नकब लगाकर नगदी जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। सुबह घर का समान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से तहरीर लेकर मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पन्ना का पुरवा गांव निवासी मनराखन सिंह व बलराम सिंह पड़ोसी हैं। दोनों खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके मुताबिक मंगलवार शाम खाना पीना करके दोनों परिवार के साथ सो गए। इसी बीच चोरों ने उनके घरों के पिछले हिस्से की दीवारों पर बारी बारी से सेंध काटकर चोरी कर लिया। मनराखन के अनुसार चोरों ने उनके घर से 50 हजार रुपया नगदी, सोने का मंगलसूत्र, टप्स, माथबेंदी व चांदी की करधनी, पायल, एक बोरी दाल व एक बोरी चना समेत दो लाख का सामान पार कर दिया है।
वहीं बलराम ने बताया कि चोरों ने उनके घर से बक्से में रखा तीन जोड़ी सोने के झुमका, बाली, टप्स, मंगलसूत्र व 15 हजार रुपया नगद समेत डेढ़ लाख का पार कर दिया है। बुधवार सुबह घर पर बिखरा पड़ा सामान व कटी हुई सेंध देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। थाने पहुंचकर दोनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर लेकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया व चोरों का पता लगाने में जुट गई है।