सैनी रोड पर स्थित एक मोबाइल शॉप से रविवार रात लाखों रुपये और नगदी और सामान चोर ले उड़े। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। पुलिस जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।सिराथू निवासी मोहम्मद कमर पुत्र मोहम्मद उमर सैनी रोड सिराथू में मोबाइल शॉप खोल रखी है। यहां से वह मनी ट्रांसफर का भी काम करता है।
रविवार रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में नकब काटकर दुकान से चोरों ने करीब साढे़ पांच लाख की नगदी के साथ तकरीबन 10 एंड्रायड मोबाइल, बैट्री, रिचार्ज कूपन आदि पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई जब वह दुकान खोलने के बाद भीतर घुसा तो सन्न रह गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है कि मोबाइल शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई। किस तरीके से चोरी की घटना हुई, इसके फुटेज पुलिस के हाथ लग गए हैं। सीसीटीवी को देखने के बाद पुलिस ने फुटेज निकलवा ली है। सैनी कोतवाल समीर सिंह ने बताया कि फुटेज के जरिए पुलिस चोरों तक पहुंचेगी।