भरवारी। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के परसरा गांव में गुरुवार रात चोरों ने चार घरों से नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर सौंपी दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
परसरा निवासी पृथ्वीलाल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। गुरुवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य खाने के बाद सो गए। इस दौरान सेंध लगाकर भीतर घुसे चोर करीब 25 हजार रुपये, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर व गहने सहित लगभग 70 हजार का सामान उठा ले गए। उसके पड़ोसी प्रताप के घर से दरवाजा तोड़कर चोरों ने 20 हजार नगदी सहित 65 हजार रुपया कीमत का सामान पार कर दिया। गांव के ही जागेश्वर तथा ओमप्रकाश के यहां से भी चोरों ने 50-50 हजार रुपया कीमत का सामान उड़ा दिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। मामले में कोखराज कोतवाल राकेश तिवारी का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।