युवक ने लेबर रूम का बनाया वीडियो, मांगे रुपये
प्रभारी चिकित्साधिकारी बोले, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी
मंझनपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चायल के लेबर रूम में शनिवार सुबह एक संदिग्ध घुस गया। उसने प्रसव के दौरान का वीडियो बनाया। इसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए स्टॉफ नर्सों को ब्लैकमेल करने लगा। पीड़ित नर्सों ने अधीक्षक से शिकायत की है।
चायल पीएचसी के जननी सुरक्षा वार्ड में शनिवार को दिव्या, ममता, रीना आदि स्टॉफ नर्स की ड्यूटी थी। इन सभी की मानें तो सुबह एक संदिग्ध युवक लेबर रूम में उस समय घुस आया जब वह प्रसूताओं का प्रसव करा रही थीं। युवक ने अपने आप को असरदार बताते हुए वीडियो बनाया। विरोध करने पर बर्खास्त कराने की धमकी दी। बाद में वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देते हुए रुपयों की मांग करने लगा। संदिग्ध युवक की इस हरकत से सभी स्टाफ नर्स तनाव में आ गईं। मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुक्तेश द्विवेदी का कहना है कि संदिग्ध युवक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज निकलवाया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।