चायल (ब्यूरो)। पुरामुफ्ती क्षेत्र के दो ठग युवकों ने कौशाम्बी की एक युवती से शादी कराने का झांसा देकर मेरठ के युवक से 55 हजार रुपये ऐंठ लिए। शादी नहीं होने से परेशान युवक उस युवती के घर आ धमका। शादी के नाम पर सौदेबाजी की भनक लगते ही युवती के परिजनों के होश उड़ गए। इसे लेकर बृहस्पतिवार को दिन भर थाने में पंचायत हुई। बाद में युवक की तहरीर लेकर पुलिस ने जांच के बाद ठगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मेरठ के विनोद कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले पुरामुफ्ती के दो युवकों की उससे मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान इन युवकों ने उसे कौशाम्बी में शादी कराने का सब्जबाग दिखाया। एक परिवार के लोगों से उसकी बातचीत भी कराई। इसके बाद शादी के नाम पर इन युवकों ने उससे दो किश्तों में 55 हजार रुपये ऐंठ लिए। पैसा लेने के बाद इन युवकों ने उससे आठ दिन के भीतर शादी करा देने की बात कही। बताया कि आठ दिन बीतने के बाद भी जब युवकों ने उसकी शादी नहीं कराई तो उसने इनसे बात की।
आजकल का बहाना बना युवक उसे टरकाते रहे। युवकों की बहानेबाजी से युवक को खुद के ठगे जाने का संदेह हुआ। वह बृहस्पतिवार को युवती के घर पहुंच गया। परिजनों से मुलाकात करके उन्हें सारी बात बताई। युवती के घरवाले शादी के नाम पर 55 हजार रुपये लिए जाने की बात सुन दंग रह गए। इतना ही नहीं उन्होंने इतनी दूर किसी भी कीमत पर बेटी की शादी करने से इंकार कर दिया। इसे लेकर युवक और युवती के परिजनों में कहासुनी भी हुई। इसकी जानकारी किसी ने पुरामुफ्ती पुलिस को दे दी। थाने में दिन भर हुई पंचायत के बाद भी बात नहीं बनी। पुलिस ने भुक्तभोगी युवक से तहरीर लेकर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि प्रकरण की सच्चाई खंगाली जा रही है। जांच के बाद उचक्कों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।