The woman who wished death broke down
- फोटो : KAUSHAMBI
इच्छा मृत्यु मांगने वाली महिला ने तोड़ा दम
मौत के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल
पूर्व चेयरमैन मौला बख्श सहित 12 के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर इच्छा मृत्यु मांगने वाली करारी कस्बे की एक महिला ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। गुरुवार को ससुराल वालों ने उसे जिंदा जला दिया था। मौत के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में पूर्व चेयरमैन मौला बख्श समेत 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है।
करारी निवासी असगर मदनी पूर्व सभासद हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बहन नसरीन जहां का विवाह करीब 23 साल पहले कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में निसार से हुआ था। वर्ष 2017 में निसार की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद ससुराली नसरीन को प्रताड़ित करने लगे। उस पर घर छोड़कर भागने का दबाव बनाते थे। नहीं मानने पर अक्सर पिटाई करते थे। नसरीन ने कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर हफ्ते भर पहले उसने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। इतना बड़ा कदम उठाए जाने के बाद भी पुलिस हरकत में नहीं आई। परिणाम रहा कि आरोपियों का हौसला बढ़ा रहा। इल्जाम है कि गुरुवार सुबह बेटे अवैश के सामने ससुरालीजनों ने महिला को मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया था। इससे पहले उसकी पिटाई भी की गई थी। शुक्रवार सुबह एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में आग से नसरीन की सांसें थम गईं। घटना के बाद से मायके में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर, अब तक तमाशबीन बनी रही करारी पुलिस ने मौत के बाद आरोपी लईक, असलम व नफीस आदि को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।