प्राथमिक विद्यालय म्योहरिया में लगा टेंट। स्रोत- डीसी
कनैली। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद विद्यालय परिसर में बरात ठहराने का मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय म्योहरिया में सोमवार सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे ही नहीं, विद्यालय में रात से बरात ठहरी हुई थी। औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीसी एमआईएस को मौके पर स्कूल भवन में बराती टहलते हुए मिले। साथ ही अंदर नाश्ते का कार्यक्रम चलता मिला। परिसर में टेंट आदि भी लगे थे।
डीसी एमआईएस विरेंद्र कुमार सोमवार को स्कूलों के औचक निरीक्षण के लिए निकले थे। जैसे ही वह कौशाम्बी बीआरसी के प्राथमिक विद्यालय म्योहरिया पहुंचे। वहां बरात रुकी मिली। साथ ही बरातियों के लिए कार्यक्रम चलता मिला। डीसी एमआईएस ने बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा को रिपोर्ट भेजकर बताया है कि मौके पर विद्यालय में शिक्षण कार्य बाधित रहा और इस वजह से स्कूल में एक भी छात्र उपस्थित नहीं थे। उन्होंने कहा कि शासन ने स्कूल परिसर में किसी भी प्रकार का निजी कार्यक्रम, बरात या समारोह आयोजित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किया गया। वहीं, बीएसए ने बताया कि विद्यालय में बरात रुकवाना गंभीर लापरवाही है। इसके लिए प्रधानाध्यापक अभिषेक सिंह सहित पूरे स्टाफ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। साथ ही प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन भी रोका जाएगा। वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक सिंह का कहना है कि रविवार को विद्यालय में दिन में बीएलओ का कार्य किया गया। शाम को प्रधान ने ताला खोलकर बरात रुकवा दिया।