करारी में छापेमारी के बाद खोवा नष्ट कराती खाद्य विभाग की टीम।
- फोटो : संवाद।
नगर पंचायत चरवा की खोवा मंडी में सोमवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की तो हड़कंप मच गया। मिलावटी खोवा बेचे जाने की लगातार शिकायतों के बाद पहुंची टीम को देखते ही व्यापारी अपना-अपना खोवा मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भारत लाल मिश्रा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिन कुमार सहित टीम सुबह आठ बजे चरवा चौराहा स्थित खोवा मंडी पहुंची। छापेमारी शुरू होते ही रैयादेह माफी निवासी सचिन कुमार और पैगंबरपुर निवासी अमर सिंह का खोवा नमूना भरते ही अन्य व्यापारियों में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते दर्जनभर से अधिक व्यापारी अपना खोवा छोड़कर फरार हो गए।
टीम ने मौके से कुल एक कुंतल 63 किलोग्राम खोवा बरामद किया। व्यापारियों को विश्वास दिलाने के लिए टीम ने करीब एक घंटे तक इंतजार किया और भरोसा कराया कि नमूना लेने के बाद वे अपना खोवा ले जा सकते हैं, डरने की जरूरत नहीं है। लेकिन कोई भी व्यापारी लौटकर नहीं आया। इसके बाद मौजूद अन्य व्यापारियों व स्थानीय लोगों की गवाही के बाद बरामद खोवा को जमीन में गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भारत लाल मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार मिलावटी खोवा बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मिलावटखोरों को चेतावनी दी है कि पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।