सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान पीड़िता ने मुख्यमंत्री को खून से चिट्ठी लिख इच्छा मृत्यु मांगी है। आरोप है कि गिरफ्तारी नहीं होने से आरोपी उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
करारी इलाके की महिला ने बताया कि 23 नवंबर की दोपहर वह खेत में बकरी चरा रही थी। चरते हुए बकरी पड़ोसी के मिर्च के खेत में चली गई। इसे लेकर पड़ोसी दो सगे भाई और एक अन्य ने आकर गालीगलौज करते हुए उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर पिटाई की। एसपी से शिकायत के बाद दो दिसंबर को करारी पुलिस ने आरोपी जमशेद अहमद, मंसूर अहमद उर्फ लाला व नसीर अहमद उर्फ सुन्ने के खिलाफ केस दर्ज किया।
पीड़िता ने सीओ पर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कराने का खुला आरोप लगाया है। सीएम को भेजी गई चिट्ठी में लिखा कि आरोपी खुलेआम घूमकर समझौते का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर तेजाब छिड़ककर चेहरा बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं।
मामले की जांच चल रही है। पीड़िता का मेडिकल व कलमबंद बयान करा दिया गया है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कराई जाएगी। - राजेश कुमार सिंह, एएसपी