शमसाबाद (ब्यूरो)। भाई की ससुराल मीठेपुर सयारा गए टेन शाहआलमाबाद गांव के 17 वर्षीय अमरदीप की बुधवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह वह खेत से लौटते समय रेलवे लाइन पार कर रहा था तभी यह हादसा हो गया। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेन शाहआलमाबाद गांव निवासी पुन्नूलाल के बड़े बेटे कुलदीप की ससुराल सिराथू के मीठेपुर सयारा गांव में है। कुलदीप का छोटा भाई अमरदीप (17) सोमवार को उसकी ससुराल घूमने गया था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह खेत की ओर गया था। लौटते समय जैसे ही वह सयारा रेलवे क्रासिंग पर पटरी पार करने लगा तभी कानपुर से इलाहाबाद की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे अमरदीप के चीथड़े उड़ गए। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। किशोर का शव देखते ही गांववालों ने पहचान लिया। लोगों ने इसकी जानकारी मृतक के रिश्तेदारों को दी। मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदार भागकर मौके पर पहुंचे। हादसे से घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग भी रोते-बिलखते पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।