चायल (कौशाम्बी)। बृहस्पतिवार की सुबह गंगा दशहरा पर्व पर डुबकी लगाने उजिहिनी घाट गई गौसपुर गांव की दो बालिकाएं निशा (9) और करिश्मा (10) की गंगा नदी में डूबने से मौत गई। करीब 5 घंटे की कड़ी खोजबीन के बाद गोताखोर दोनों की लाश निकाल सके। हादसे की खबर पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए दे दिया। इसी तरह कोइलहा गांव की पांच वर्षीय बालिका शाहनी पुत्री विजय कुमार की फतेहपुर गंगाघाट में डूबने से मौत हो गई। बालिकाओं की मौत से सभी के परिवारों में कोहराम मचा है।
पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर गांव की रहने वाली निशा देवी (09) पुत्री कमलेश कुमार, करिश्मा देवी (10) पुत्री दिनेश कुमार बृहस्पतिवार को गंगा दशहरा पर्व पर गांव की अन्य महिलाआें और लड़कियों के साथ गंगास्नान करने उजिहिनी घाट गई थीं। साथ रहे लोगों के मुताबिक नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में डूबने लगीं। बच्चियों को डूबते देख मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। घाट पर हड़कंप मच गया।
चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोगों ने गंगा में छलांग लगाकर दोनों लड़कियों को बचाने की कोशिश की लेकिन जब तक लोग उन तक पहुंच पाते दोनों लड़कियां गंगा में समा चुकी थीं। हादसे की खबर लगते ही इलाकाई पुलिस के साथ गोताखोर भी पहुंचे। नाव और जाल लेकर दर्जन भर गोताखोर और तैराक लड़कियों की तलाश में गंगा में उतरे। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर दोनों के शव नदी से बाहर निकल सके। शव देखते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने छानबीन के बाद परिजनों के कहने पर दोनों लड़कियों के शव का पंचनामा कर अंतिम संस्कार के लिए दे दिया।
उधर, पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के ही कोइलहा गांव निवासी विजय कुमार की पत्नी अपनी पांच वर्षीय बेटी शाहनी के साथ गंगा नहाने फतेहपुर घाट गई थी। बताया जाता है कि शाहनी मां के साथ गंगा में डुबकियां लगा रही थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बेटी को डूबते देख मां शोर मचाने लगी। उसकी चीख सुन नहा रहे लोग दौड़े। मगर जब तक वे बालिका तक पहुंचते वह नदी में समा चुकी थी। बालिका के नदी में डूबने से घाट पर कोहराम मच गया। सूचना पर इलाकाई पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर भी पहुंचे। गोताखोरों ने घंटे भर की खोज के बाद उसका शव निकाला। बालिका की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।