मंझनपुर। कौशाम्बी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में जेबा क्लब और बीएसबीएस की टीम ने जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मैच सोमवार को खेले जाएंगे। इधर, चौथे दिन के खेल का शुभारंभ सांसद विनोद सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। उन्होंने खेल को जीवन का अहम हिस्सा बताया। कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सौहार्द मजबूत होता है।
कौशाम्बी के डायट मैदान मंझनपुर में 12 जनवरी से कौशाम्बी प्रीमियर लीग यानि केपीएल का सांतवां संस्करण खेला जा रहा है। चौथे दिन क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच जेबा क्लब मंझनपुर और बबुरा क्लब मंझनपुर के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए बबुरा की टीम महज 35 रनों पर ढेर हो गई। जीत के लिए 35 रनों का पीछा करते हुए जेबा क्लब ने जरूरी रन तीसरे ओवर में ही हासिल कर लिया।
जेबा क्लब की ओर से शहनवाज और सतीश ने 20-20 रन बनाए। दूसरा क्वार्टर फाइनल बीएसबीएस और हंडिया के बीच हुआ। पहले खेलते हुए हंडिया की टीम ने सात ओवर में 96 रन बनाया। इरशाद ने 47 रनों की शानदार पारी खेली। जबाव में बीएसबीएस ने 6.5 ओवर में ही 97 रन बनाकर मैच जीत लिया।
बीएसबीएस की ओर से रिंकी ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 51 रनों की पारी खेली। इससे पहले चौथे दिन के मैच का शुभारंभ सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर ने किया। उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन से समाज में सामाजिक सौहार्द की भावना बढ़ती है। इस मौके पर भाकियू के मंडल अध्यक्ष नुरूल इस्लाम, प्रेमचंद्र चौधरी, डॉ. अरुण केसरवानी, प्रेम कुमार, शाह आलम, जीतेंद्र सोनकर आदि मौजूद रहे।