छावनी बना रहा कलक्ट्रेट, जिले की सीमा पर मुस्तैद रही पुलिस
मंझनपुर। कृषि कानून के विरोध में दिल्ली में बैठे किसानों के समर्थन में 18 वें दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के विरोध, प्रदर्शन पर पुलिस-प्रशासन की चौकसी ने पानी फेर दिया। कलक्ट्रेट को छावनी में तब्दील करने के साथ ही जिले की सीमा पर भी पुलिस और प्रशासन का सख्त पहरा रहा। सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं तमाम दलों के नेताओं ने भूख हड़ताल कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कृषि कानून को लेकर केंद्र सरकार के विरोध में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों के किसान दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहें है। इसे लेकर जिले के कई राजनीतिक दल व किसान संगठन उनका समर्थन कर रहे हैं। सोमवार को विभिन्न संगठनों ने जिला मुख्यालय में कलक्ट्रेट घेरने की चेतावनी दे रखी थी। इसे लेकर सुबह से मंझनपुर (मुख्यालय) आने वाले सभी मार्गों को सील कर दिया गया था। मंझनपुर चौराहे पर एसडीएम राकेश चंद्रा, सीओ डॉ. केजी सिंह, इंस्पेक्टर मनीष पांडेय, यातायात निरीक्षक रवींद्र त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा ओसा चौराहे पर इंस्पेक्टर महेवाघाट केपी सिंह को लगाया गया था। समदा, पतौना व बरइन का पूरा मार्ग से कलक्ट्रेट जाने वाले सभी मार्गों को सील कर दिया गया था। इसके बाद भी पुलिस की घेराबंदी तोड़कर तमाम दलों के लोग कलक्ट्रेट पहुंचने में कामयाब रहे। आंदोलनकारियों को पुलिस गिरफ्तार कर सदर कोतवाली ले जाती रही। पूरे दिन पुलिस और प्रशासन के साथ ही दलों की लुकाछिपी के खेल में 27 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए। देर शाम सभी का मेडिकल कराने के बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। यहां से सभी को निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
आम आदमी पार्टी ने कृषि कानून को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यालय में धरने के दौरान सभी ने कानून को वापस लिए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष रिजवान मोहम्मद ने कहा कि सरकार का फैसला किसान विरोधी है। नया कानून उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने व किसानों को गुलामी की जंजीर में जकड़ने के लिए लागू किया गया है। पार्टी कानून का विरोध करती है। इस मौके पर जिला महासचिव आकाश सिंह वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष महंत सिंह, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु त्रिपाठी, विजय बहादुर यादव, हरेराम तिवारी, मो. हस्सान अली हुसैन, फ़रीद खान, हैदर राजा, शर्मिला देवी, अंबर बेगम, शिया कुमारी, सुमित्रा देवी, सूरजबली शाक्य, आफताब आलम, जाकिर सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कृषि कानून की वापसी को लेकर दिल्ली में धरना दे रहे किसान संगठनों के समर्थन में कलक्ट्रेट घेरने जा रहे सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव को उनके समर्थकों के साथ पिपरी कोतवाली पुलिस ने सोमवार सुबह ही गिरफ्तार कर लिया। इससे नाराज सपा कार्यकर्ता थाने में ही धरने पर बैठ गए। पिपरी पुलिस ने किसान आंदोलन को लेकर पहले से ही रणनीति तैयार कर रखी थी। इलाके के सपा नेताओं को चिन्हित कर उनके घर पर पहले से ही पहरा लगा दिया गया था। सोमवार सुबह जैसे ही सपा नेता घर से कलक्ट्रेट के लिए निकले तो उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादवए चायल विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष विनय यादवए ताहिर हुसैनए बनवारी लालए अजित यादवए अनिल कश्यपए वीरेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया।