मंझनपुर। केंद्रीय योजनाओं की जांच के लिए केंद्र सरकार का दूत बनकर आए रिटायर्ड आईएएस जयंतीलाल मोदी ने शनिवार को मंझनपुर और कौशाम्बी ब्लाक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, इंदिरा आवास, भूमिजल संसाधन और स्वच्छता अभियान की जांच की।
परियोजना निदेशक ने बताया कि वे जिले में 12 दिन तक रहकर केंद्र सरकार की योजनाओं की हकीकत खगालेंगे। वापस लौटने पर अपनी जांच रिपोर्ट केंद्र सरकार को दी जाएगी।
कौशाम्बी मेें केंद्र सरकार की योजनाओं की हकीकत क्या है। विकास कार्यों का लाभ जरूरतमंद लोगों को दिया जा रहा है या नहीं। इसकी जांच के लिए केंद्र सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जयंतीलाल मोदी को कौशाम्बी का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नोडल अधिकारी बनाए गए मोदी शनिवार को अपने 12 दिवसीय दौरे पर कौशाम्बी आए हैं। पहले दिन उन्होंने मंझनपुर विकास खंड में स्वर्ण जयंती स्वरोजगार योजना, मनरेगा, इंदिरा आवास, भूमिजल संसाधान, भारत स्वच्छ ग्रामीण मिशन के तहत चलाई जा रही योजनाओं की जांच की। एक-एक करके सभी विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों की हकीकत का जायजा लिया।
ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक रमेशचंद्र पांडेय ने बताया कि वे 12 दिन तक जिले में रहकर विकास कार्यों की जांच और स्थलीय निरीक्षण करेंगे। पीडी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को विकास कार्याें से संबंधित अभिलेख मुहैया कराने और जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है।