मंझनपुर। थानों में शिकायत लेकर आने वालों की समस्या सुनने में लापरवाही और फरियादियों से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा। इसकी सारी जिम्मेदारी कोतवाली प्रभारियों की होगी। मनमानी करने वालों पर कार्रवाई भी होगी। बुधवार को पुलिस लाइन में हुई मासिक अपराध समीक्षा बैठक में यह बातें एसपी रतनकांत पांडेय ने कही। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सिपाहियों और पुलिस पेशनरों की समस्याएं भी सुनी।
पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बुधवार को पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा बैठक की। एक-एक थानाध्यक्षों से दिसंबर महीने में उनके क्षेत्र में हुई चोरी, छिनैती, लूट, हत्या, दुराचार, छेड़खानी आदि घटनाओं की जानकारी ली। क्षेत्र में हो रही चोरी की लगातार घटनाओं पर उन्होंने मंझनपुर, सरायअकिल, पिपरी, कोखराज, पुरामुफ्ती प्रभारियों को फटकार भी लगाई। साथ ही सभी थानेदारों को रात में गश्त में सक्रियता बरतने की हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित मामलों का निस्तारण तत्काल किया गया।
कोतवाली में शिकायत लेकर आने वाले पीड़ितों की रिपोर्ट दर्ज करके समस्या का निस्तारण किया जाए। अपराधिक घटनाओं के खुलासे में देरी बर्दाश्त नहीं होगी। हत्या, लूट, डकैती के साथ महिला उत्पीड़न के आरोपी हर कीमत पर सलाखों के पीछे होने चाहिए। कहा कि पुलिसकर्मियों का काम है जान-माल की सुरक्षा करना है। इसमें लापरवाही मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरियादियों से दुर्व्यवहार करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। अपराध समीक्षा बैठक से पहले एसपी ने सिपाहियों और पुलिस पेंशनरों की समस्याएं भी सुनी। सभी को उनकी समस्याओं को जल्द निस्तारित कराने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर एएसपी अनिल कुमार सिंह, सीओ सिटी पुर्णेन्दु सिंह, सीओ चायल आलोक कुमार मिश्र, सीओ सिराथू जर्नादन प्रसाद तिवारी आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।