पट्टीदारों ने वृद्ध को पीट-पीटकर मार डाला
- बहू-बेटे सहित पांच हुए पिटाई से घायल, कोहराम
- चरवा कोतवाली क्षेत्र के जुगवा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा कोतवाली क्षेत्र के जुगवा गांव में शनिवार शाम जमीनी विवाद के चलते पट्टीदारों ने एक वृद्ध को पीट-पीटकर मार डाला। पिटाई से उसके बहू-बेटे समेत करीब पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
जुगवा निवासी बाबूलाल (60) पुत्र सूरजदीन किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। उसका पट्टीदारों से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती थी। शनिवार शाम भी बहश होने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे से लैश होकर मौके पर आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में बाबूलाल, उसके बेटे विपिन, विनय, नाती नीलेश, पत्नी माया देवी व बहू मंदाकिनी को चोट लगी। जबकि दूसरी तरफ से भी करीब चार लोग घायल हुए। झगड़े की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बाबूलाल की मौत हो गई। अन्य का उपचार चल रहा है। घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर गांव में दो दरोगा और चार सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी गई है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में चरवा इंस्पेक्टर अशोक कुमार का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।