मंझनपुर (ब्यूरो)। विद्युत विभाग ने खुंदमीरपुर गांव के मृत व्यक्ति के नाम बिजली का बिल भेज दिया है। वह भी एक नहीं दो-दो बार। इसे लेकर परिवार के लोगों के होश उड़े हुए हैं। इससे उनमें नाराजगी भी है। बिजली विभाग के अफसरों की इस लापरवाही पर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने मृतक के बेटे के साथ मंझनपुर आकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और मामले की शिकायत डीएम से की।
मंझनपुर तहसील क्षेत्र के खुंदमीरपुर गांव निवासी आशुतोष यादव के पिता बरमदीन की काफी दिनों पहले मौत हो चुकी है। पिता ने अपने नाम बिजली का कोई कनेक्शन नहीं लिया था। इसके बाद भी बिजली विभाग ने उनके नाम बिल भेज दिया है। पखवारे भर पहले पहला बिल 25 हजार 181 रुपये और फिर एक महीने बाद 1589 रुपये का बिल भेजा गया हैे। आशुतोष ने बताया कि मृत पिता के नाम का बिल मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। कई बार उसने इलाकाई अवर अभियंता से इसकी शिकायत की, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।
इससे नाराज परिवार के लोग बृहस्पतिवार को गांव के असगर अली, छोटेलाल यादव, दशरथलाल, सुधा देवी, घनश्याम, रामसजीवन आदि के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर मामले की शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी राजमणि यादव ने जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बतादें कि इससे पहले भी बिजली विभाग कई बार मृतकों के नाम बगैर कनेक्शन के बिल भेज चुका है। बढ़ाकर बिजली का बिल भेजा जाना तो जिले में आम बात हो चुकी है।