हत्यारोपी ने पीड़ित परिवार को धमकाया
पीड़ित पिता ने एसपी से की शिकायत, कार्रवाई की उठाई मंाग
कौशाम्बी के चक सिरसी गांव में 2019 को हुई थी साजन की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली इलाके के चर्चित साजन हत्याकांड में जमानत पर जेल से छूटी महिला ने पीड़ित परिवार का जीना दूभर कर दिया है। वह गवाही देने पर पूरे परिवार को मार डालने की धमकी देती है। मृतक के पिता ने सोमवार को एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
कौशाम्बी इलाके के चक सिरसी निवासी साजन (5) की 15 मई 2019 को गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव के बाहर झाड़ियों के बीच मिला था। मामले में मृतक के पिता दिनेश पुत्र धुन्ना की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। विवेचना के दौरान चित्रकूट जिले के मऊ थाना स्थित सिकरो गांव की रामरजी पत्नी बोड्डा व पप्पू पुत्र मैनू का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने गिरफ्तार करके इन दोनों को जेल भेज दिया। पीड़ित पिता दिनेश का कहना है कि हत्यारोपी महिला रामरती जमानत पर जेल से छूट गई है। अब वह अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बना रही है। ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार को मार डालने की धमकी देती है। कई बार बदमाशों के साथ घर पर आकर गाली-गलौज कर चुकी है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए कौशाम्बी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।