दुर्गे मां के दर्शन को मंदिरों, पंडालों में उमड़े भक्त
नवरात्र के दूसरे दिन भी मां अंबे के जयकारों से गूंजे मंदिर
भोर से शुरू हुआ पूजन, आरती के बाद देर रात तक चला भजन कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को देवी मंदिरों, पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। भोर से ही पूजन-अर्चन के लिए मंदिरों व पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। मां के जयकारों व घंट-घडिय़ाल से मंदिर व पूजा पंडाल गूंजते रहे। शाम को आरती के बाद भक्तों ने प्रसाद वितरण किया।
कलश स्थापना के बाद दूसरे दिन भोर से ही पूजा पंडालों व मंदिरों में श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए पहुंचने लगे। देवी की पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ, दुर्गा चालीसा का पाठ दिनभर होता रहा। मंझनपुर स्थित दुर्गा मंदिर में पूजन-अर्चन करने के लिए कन्याओं के अलावा महिला-पुरुष की खासी भीड़ लगी रही। इसी तरह पश्चिमशरीरा स्थित झारखंडी माता, संचवारा व अम्बारी गांव स्थित मां अलोपशंकरी, कनैली स्थित मां शीतला मंदिर, गुरौली स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर में भक्तों ने विधिविधान से दूसरे दिन पूजन-अर्चन किया। शाम को आरती के बाद कलाकारों ने मां अम्बे के गीतों से सराबोर कर दिया। इस दौरान दर्शकों ने मां अंबे के गीतों पर ताली बजाकर गायक कलाकारों का खूब साथ दिया। कुछ पूजा पंडालों में ढोल और मंजीरे की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। सबसे अधिक उत्साह छोटे-छोटे बच्चों में है। वह घरों गांव व कस्बों में बने पूजा पंडालों में कार्यक्रमों का आनंद देर रात तक उठाते रहे।
कड़ा स्थित मां शीतला के मंदिर में दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का भोर से तांता लगा रहा। गंगा स्नान के बाद मां के भक्त जयकारा लगाते हुए मां की दरबार में पहुंचे। मां के दर्शन व पूजन का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। इस दौरान लोगों ने अपने छोटे-छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार भी मां के मंदिर में कराया। दूसरी ओर धाम में मां के भक्तों ने कन्या भोज का आयोजन किया।