मंझनपुर (ब्यूरो)। पुरानी रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार की शाम बदले रसूलपुर गांव के अधेड़ को पड़ोसी और उसके साथी ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। मारपीट होती देख दौड़े ग्रामीणों ने बीच बचाव किया। हमले में जख्मी अधेड़ को घरवालों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मारपीट के दोनों अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज थाना क्षेत्र के बदले रसूलपुर गांव निवासी कल्लू प्रसाद का पड़ोसी से जमीन कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। अदावत रंजिश में बृहस्पतिवार की शाम दोनों के बीच झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान पड़ोसी और उसके साथी ने कल्लू को दबोचकर उसकी पिटाई कर दी। इससे वह गिरकर लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोगों के साथ गांववाले दौड़े। ग्रामीणों ने बीच बचाव करके अधेड़ की जान बचाई। लोगों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घायल अधेड़ की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट करने की एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी और बढ़ गई है।