दीपावली के बाद से सोने और चांदी के दामों में आई गिरावट से सराफा बाजार में फिर रौनक लौट आई है। त्योहारों पर दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों की भीड़ कम हो गई थी, लेकिन अब कीमतों में नरमी आने से लोग सहालग के लिए खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
धनतेरस और दीपावली के दौरान सोना 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.90 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, जिसके कारण सर्राफा बाजारों में सन्नाटा छा गया था। त्योहार के बाद कीमतों में कमी आई और सोना करीब 9000 रुपये तथा चांदी करीब 45 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई।
शुक्रवार को सोना 1,24,200 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,59,000 रुपये प्रति किलो पर कारोबार होता दिखा। सहालग शुरू होने के साथ ही लोग एडवांस बुकिंग और लाइट वेट ज्वैलरी की खरीदारी पर जोर दे रहे हैं। स्थानीय सर्राफा कारोबारी बताते हैं कि कीमतें कम होने के बाद ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है और आभूषण बनाने के ऑर्डर लगातार मिल रहे हैं।
-अगर कोई ग्राहक आभूषण खरीदकर बुकिंग कराता है तो उसे बुकिंग तारीख का रेट लगेगा। हमारे यहां विकल्प है कि डिलीवरी वाली तारीख पर यदि सोने का रेट बुकिंग डेट से कम होता है तो ग्राहक को कम कीमत पर ही आभूषण दिया जाएगा। यह विकल्प ग्राहकों के लिए ऑफर जैसा है। - नित्यानंद सोनी, म्योहर
- सोने और चांदी की कीमतों में कमी हुई है। इससे ग्राहक खरीदारी की ओर रुख कर रहे हैं। कई ग्राहक बुकिंग भी करा रहे हैं। बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को बुकिंग डेट पर जो रेट होगा, उसी रेट पर डिलीवरी दी जाएगी। ग्राहकों के रुझान से लगता है कि इस बार लगन पर पहले से बेहतर कारोबार होगा।- राजू स्वर्णकार, जिलाध्यक्ष, ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज
राजू।