पश्चिमशरीरा के कुंआडीह हल्का दरोगा पर नाबालिग बच्चों से मारपीट व गालीगलौज का आरोप गांव की एक महिला ने लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से करते हुए निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है।
कुंआडीह गांव निवासी सुमित्रा देवी ने शुक्रवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपनी पान की दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान आबकारी विभाग की टीम के साथ पश्चिमशरीरा थाने में तैनात एक एसआई मौके पर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए तलाशी लेने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि तलाशी के दौरान कोई भी मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। इसके बाद भी पूरे परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि तलाशी के दौरान नाबालिग बेटा हिमांशु कुमार वीडियो बनाने लगा। इसपर हल्का दारोगा ने उसे थप्पड़ मारा। वहीं एसपी राजेश कुमार ने पूरे मामले की जांच कराते हुए कार्रवाई की बात कही है।