नाराज पत्नी को मनाने आए युवक को बिरादरी की पंचायत के दौरान ससुराल वालों ने जमकर पीटा।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल को मेडिकल के लिए भेजा है।
पिपरी कोतवाली के निजामपुर पुरैनी निवासी अनिल की शादी तीन साल पहले रतगहां गांव की श्रीदेवी के साथ हुई थी। छह महीने पहले पत्नी नाराज होकर मायके चली आई। पति-पत्नी के बीच सुलह कराने के लिए बृहस्पतिवार को बिरादरी की पंचायत बुलाई गई।
आरोप है कि पंचायत में पत्नी के घरवालों ने उसे जमकर पीटा। घटना में वह लहूलुहान हो गया। शोरगुल पर ग्रामीण पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हमले में पत्नी, ससुर व साढ़ू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।