फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: मौसम के उतार-चढ़ाव से जनजीवन प्रभावित, बढ़ी गलन भरी ठंड

Wed, 07 Jan 2026 02:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज के ओपीडी हॉल में पसरा सन्नाटा।  संवाद
विज्ञापन
जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कभी धूप तो कभी घना कोहरा और गलन भरी ठंड से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। दिन में तापमान के उतार-चढ़ाव के कारण शरीर मौसम के अनुसार ढल नहीं पा रहा है, जिससे ठंड से जुड़ीं बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
विज्ञापन

बीते कुछ दिनों से हालात ऐसे हैं कि एक दिन सुबह धूप निकल जाती है तो अगले दिन घना कोहरा और सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर देती हैं। सुबह और शाम के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। दोपहर में कभी-कभी धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलती है लेकिन सर्द हवाओं से गलन कम नहीं हो रही है।
मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे हल्की धूप निकली लेकिन पूरे दिन लोग ठंड से कांपते नजर आए। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 551 मरीज पहुंचे। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एके सिंह ने बताया कि सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
विज्ञापन

बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी मौसम का असर दिख रहा है। सुबह के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि फिलहाल मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट, यात्रियों को करना पड़ा इंतजार
भरवारी। स्थानीय रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वालीं कई ट्रेनें मंगलवार सुबह कोहरे कारण देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 64593 सुबह सात मिनट देरी से रवाना हुई जबकि 64591 सूबेदारगंज-कानपुर सेंट्रल मेमू एक घंटे 17 मिनट लेट रही। 01804 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन रिंग रेल स्पेशल ट्रेन एक घंटे सात मिनट, 15004 चौरी-चौरा एक्सप्रेस एक घंटे, 63237 पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-फतेहपुर मेमू 54 मिनट और 15483 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस 40 मिनट की देरी से भरवारी पहुंची। 14164 संगम एक्सप्रेस एक घंटे 20 मिनट और 22442 चित्रकूट कर्वी इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही। वहीं, 15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से चली। यात्रियों ने ठंड में ट्रेनों के इंतजार को लेकर नाराजगी जताई। संवाद

रोडवेज बसों में 20 फीसदी तक घटे यात्री
मंझनपुर। रोडवेज बस डिपो इंचार्ज गंगा शंकर शर्मा ने बताया कि लगातार कोहरे और गलन भरी ठंड का असर यात्रियों की संख्या पर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में करीब 20 प्रतिशत तक यात्री कम हो गए हैं। ठंड और कोहरे के कारण लोग अनावश्यक यात्रा से बच रहे हैं जिससे कुछ मार्गों पर बसें खाली या कम सवारियों के साथ निकल रही हैं। उन्होंने बताया कि मौसम सामान्य होने पर यात्रियों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होगी। संवाद

ऐसे करें बचाव :
गर्म कपड़े पहनें और शरीर को ढक कर रखें (खासकर हाथ-पैर)।
गर्म पानी पीएं और ताजे भोजन का सेवन करें।
सुबह-शाम अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।

अलाव का सहारा लें और घरों को गर्म रखें।

मेडिकल कॉलेज के ओपीडी हॉल में पसरा सन्नाटा।  संवाद

मेडिकल कॉलेज के ओपीडी हॉल में पसरा सन्नाटा।  संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें