कड़ा क्षेत्र के कसिया स्थित एक इंटर कॉलेज परिसर में 15 दिवसीय समर कैंप के समापन के बाद 16 जून को प्रथम ओपन हैंडबॉल टूर्नामेंट (बालक एवं बालिका वर्ग) का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
आयोजक रमेश साहू उर्फ बऊआ ने बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों को हैंडबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया है। कैंप के समापन अवसर पर आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करेगा। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों के भाग लेने की संभावना है।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
टीम आर्यन ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही अधिक से अधिक खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।