सैनी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
फतेहपुर के किशनपुर थाना क्षेत्र के शिमली गांव निवासी कपिल कुमार पटेल (35) शुक्रवार दोपहर बाइक से अपनी ससुराल निंदूरा गांव जा रहे थे।
कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजुहा कस्बे के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी सिराथू पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना मौलवीपुर गांव के पास हुई। फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बैहराना गांव निवासी सुनील कुमार (36) अपनी साली पूजा को बाइक से लेकर भौरोपुर स्थित ससुराल जा रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में सुनील, पूजा और दूसरी बाइक पर सवार कड़ा धाम निवासी नितिन घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुनील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं पूजा और नितिन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर किया गया है। हादसों की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और रो-रोकर बेहाल हो उठे।
कोतवाली प्रभारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि अजुहा के पास हुए हादसे में ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार हो गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।