मेडिकल कॉलेज के सामने जाम लगने से राहगीर परेशान। संवाद
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग गेट के सामने बृहस्पतिवार को यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। गेट के सामने सड़क पर ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहनों का जमावड़ा लगने से जाम की स्थिति बनी रही। इससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अनिल, विकास, बंटी सहित अन्य लोगों ने बताया कि एमसीएच विंग गेट के सामने सवारी वाहन बीच सड़क पर ही खड़े होकर सवारी भरते हैं। इस कारण इमरजेंसी मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं। कई बार स्कूल वाहन भी काफी देर तक जाम में फंसी रहती हैं।
मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने में देरी होने से इलाज प्रभावित होता है। खासकर गंभीर मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। राहगीरों को भी पैदल निकलने में दिक्कत होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां ट्रैफिक पुलिस की तैनाती तो है, लेकिन भीड़ को देखते हुए उनकी संख्या कम हैं। इसी कारण वाहनों को व्यवस्थित करने और अवैध रूप से खड़े सवारी वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। लोगों ने मांग की कि मेडिकल कॉलेज गेट के सामने सवारी वाहनों के खड़े होने पर सख्ती से रोक लगाई जाए और स्थायी रूप से पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए।
- मेडिकल कॉलेज गेट के सामने यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। जल्द ही वहां अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को सड़क पर खड़ा होकर सवारी भरने से रोका जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - सत्येंद्र तिवारी, सीओ यातायात
मेडिकल कॉलेज के सामने जाम लगने से राहगीर परेशान। संवाद