सरसवां पीएचसी में एक्स-रे रिपोर्ट निकालता टेक्नीशियन। स्रोत: विभाग
सरसवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में एक्सरे जांच की सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब हड्डी, जोड़ों के दर्द और अन्य जांच के लिए मरीजों को मेडिकल कॉलेज या निजी केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इस सुविधा के शुरू होने से 40 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पीएचसी में एक्सरे मशीन का संचालन होने के साथ ही रोजाना 15 से 20 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। एक्सरे टेक्नीशियन प्रमोद सिंह ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार जांच की जा रही है और मरीजों को समय पर रिपोर्ट दी जा रही है। इससे इलाज में भी तेजी आई है।
मरीज बिट्टन देवी ने बताया कि पहले एक्सरे कराने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। अब पीएचसी में ही सुविधा मिलने से परेशानी खत्म हो गई है।
वहीं, महेवाघाट निवासी मालती देवी ने बताया कि बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह सुविधा बेहद फायदेमंद है।
इसी तरह जमुनापुर की बिपतिया देवी ने बताया कि निजी जांच केंद्रों में अधिक शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब सरकारी अस्पताल में मुफ्त में जांच हो जाने से राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीएचसी में एक्स- सुविधा शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हुई हैं।
पीएचसी प्रभारी डॉ. प्रसून जायसवाल ने बताया कि एक्सरे की सुविधा शुरू होने से समय पर सही जांच संभव हो सकेगी और मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा।