बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो और सही स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया जाए। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय ने तैयारी तेज कर दी है। स्कूल से परीक्षा केंद्र की दूरी समेत अन्य मुद्दों का निर्धारण 27 नवंबर तक होने की संभावना है। इस बार परीक्षा केंद्र आठ किमी के दायरे में होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते साल कुछ ऐसे विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां तक पहुंचने के लिए सड़क ही नहीं थी। इस बार पिछली कमियों में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे पहले स्कूलों की ओर से भेजे गए डाटा का सत्यापन हो रहा है। एक स्कूल से दूसरे विद्यालय की दूरी कितनी है, इसकी भी जानकारी सत्यापन में दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र बनने वाले विद्यालय में आवश्यक भौतिक और बुनियादी सुविधाओं के साथ ही सीसीटीवी, स्ट्रांग रूम, डबल लॉक वाली आलमारी या बक्सा, बिजली और पानी, शौचालय, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर और परीक्षा केंद्र की दूरी समेत अन्य मानक जरूरी है।