मंझनपुर। नगर पंचायत मंझनपुर में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण के खिलाफ अफसरों ने अभियान शुरू कर दिया। चौराहे से लेकर तहसील मोड़ तक जेसीबी लगाकर सड़क पटरी और नाले पर किए गए कब्जे को हटवाया गया। इस दौरान अल्टीमेटम दिए बगैर अतिक्रमण अभियान शुरू कराने को लेकर दुकानदारों की अफसरों से तीखी झड़प भी हुई। कहासुनी के बाद अफसरों ने सड़क पटरी और नाले के ऊपर किए गए कब्जे को हटाने के लिए दुकानदारों को दो दिन की मोहलत दी।
कौशाम्बी की नगर पंचायतों को अतिक्रमणमुक्त बनाने का अभियान इन दिनों अफसरों ने चला रखा है। भरवारी, सिराथू, सरायअकिल के बाद बृहस्पतिवार को मंझनपुर कस्बे में भी इसकी शुरूआत की गई। दिन में करीब 11 बजे एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, सीओ सिटी पुर्णेंदु सिंह, अधिशासी अधिकारी और नगर कोतवाली से फोर्स लेकर निकले। अफसरों ने मंझनपुर चौराहे से तहसील मार्ग पर जेसीबी के माध्यम से सड़क पटरी और नाले पर कब्जा करके बनाए गए बारजा, चबूतरा, सीढ़ी और टीनशेड आदि तोड़ना शुरू कराया। इससे बाजार में हड़कंप मच गया।
भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी के कारण पहले तो दुकानदारों ने कोई विरोध नहीं किया। पर, धीरे-धीरे मौके पर व्यापारियों की भीड़ जुटने लगी। व्यापारियों ने बगैर अल्टीमेटम दिए अतिक्रमण हटाए जाने का विरोध शुरू कर दिया। इसे लेकर व्यापारी और अफसरों ने कहासुनी भी हुई। हालांकि विरोध के बाद भी अफसरों ने चौराहे से मंझनपुर तहसील मोड़ तक सड़क की दोनों पटरियों और नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
साथ ही व्यापारियों की मांग को देखते हुए कस्बे के सभी मुख्यमार्ग पर सड़क पटरी और नाले के ऊपर किए गए कब्जे को हटाने के लिए लोगों को दो दिन की मोहलत दी है। एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कस्बे के सभी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराना है, कब्जेदारों को दो दिन की मोहलत दी गई है। इसके बाद जेसीबी लगाकर कब्जा हटाया जाएगा। साथ ही कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन के इस अभियान से कस्बे में दिनभर हड़कंप मचा रहा।