The elderly sleeping outside the house was strangled to death
- फोटो : KAUSHAMBI
सरायअकिल/कनैली। कोतवाली के अकबराबाद गुहौली गांव में मंगलवार रात घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह खून से लथपथ उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। लाश के पास फूल-माला मिलने से आशंका जताई जा रही है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में उसकी हत्या की गई है। वारदात से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिवार वालों की सूचना पर एसपी अभिनंदन व एएसपी समर बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
अकबराबाद गुहौली गांव निवासी श्रीनाथ (70) पुत्र नत्थू मजदूरी करता था। दो साल पहले वह लकवाग्रस्त हो गया था। इस वजह से वह बिस्तर पर ही पड़ा रहता था। श्रीनाथ के दो बेटे रेघई व धर्मू हैं। श्रीनाथ बड़े बेटे रेघई के साथ रहता था। रेघई के मुताबिक मंगलवार रात पड़ोसी छेदीलाल के यहां पूजा का कार्यक्रम था जिसमें वह भी शामिल होने गया था। रात को खाना खाने के बाद वह पिता के लिए वहीं से खाना भी ले आया और उन्हें खिलाने के बाद वह परिवार के साथ अंदर कमरे में सोने चला गया। पिता घर के बाहर बरामदे में पुआल के बिछावन में सो रहे थे। सुबह घरवाले जगे तो देखा कि श्रीनाथ की लाश खून में लथपथ पड़ी थी। शव के पास से खून से सनी कुल्हाड़ी व चापड़ भी मिला है। इसके अलावा लाश के पास से फूल-माला पड़ा मिला। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या तंत्र-मंत्र के कारण हुई है। पुलिस ने बुधवार को मृतक के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत एसपी अभिनंदन का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तंत्र-मंत्र को लेकर हत्या की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
अकबराबाद में पहले भी तंत्र-मंत्र को लेकर हो चुकी है दो लोगों की हत्या
कनैली। अकबराबाद गुहौली गांव अंधविश्वास के मकड़जाल में जकड़ा है। जिसके चलते गांव में इसके पहले दो लोगों की जान जा चुकी है। मंगलवार रात श्रीनाथ की हत्या में भी तंत्र-मंत्र को ही कारण माना जा रहा है। पूर्व की घटनाओं में पुलिस ने पहले अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की बाद में घरवालों को ही कातिल बताकर जेल भेज दिया। इस मामले में भी पुलिस की निगाह मृतक के घरवालों पर ही लगी है।
अकबराबाद गुहौली गांव में श्रीनाथ की हत्या के बाद जब बुधवार सुबह एसपी अभिनंदन मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही मृतक के बेटे धर्मू की बेटी हबुआने लगी। धर्मू की बेटी पड़ोसी के यहां आयोजित पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। परिवार के लोगों ने बताया कि विवाहिता के सिर पर देवी की सवारी आती है। हालांकि, इस पर पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। वहीं गांव में चर्चा रही कि इससे पहले भी यहां ऐसी वारदातें हो चुकी हैं। पांच साल पहले गांव के सुलेम पुत्र कालेश्वर की हत्या हुई थी। उसके शव के पास से भी पूजा का सामान मिला था। मामले में परिवार के लोगों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। काफी प्रयास के बाद भी जब घटना नहीं खुली तो मृतक के बेटे रामदीन को जेल भेज दिया गया। इसी तरह पंचम लाल पुत्र साधो की हत्या हुई थी। इस मामले में पंचम के रिश्तेदारों को तंत्र-मंत्र के लिए हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था।
देर रात तक थी जगहट, फिर भी हो गया कत्ल
कनैली। अकबराबाद गुहौली के छेदीलाल के यहां मंगलवार रात पूजा का कार्यक्रम था। तमाम लोग दावत में शमिल हुए। खुद मृतक श्रीनाथ के बेटे रेघई ने बताया कि वह देर रात खाना लेकर घर पहुंचा। पिता को खिलाने के बाद वह सोने के लिए गया। वहीं यह भी चर्चा रही कि पूजा में जो फूल चढ़ाए गए थे वही घटना स्थल पर भी मिले हैं। ऐसे में साफ है कि कातिल परिवार का कोई करीबी ही रहा होगा।