Prayagraj mafia operatives gang-raped a student
प्रयागराज के माफिया के गुर्गों ने छात्रा से किया सामूहिक दुष्कर्म
-कोखराज स्थित लोहरा के समीप 31 जनवरी को वारदात को अंजाम दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। बीती 31 जनवरी को कोखराज कोतवाली के समीप एक गांव में रिश्तेदारी में जा रही छात्रा को प्रयागराज के चर्चित माफिया के गुर्गों ने कार में घसीट लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची तो जरूर थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने बुधवार को मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की।
प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में रहने वाली नौवीं की छात्रा चकिया स्थित एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। छात्रा का कहना है कि इलाके के ही बाहुबली माफिया के गुर्गे तीन साल से उसे परेशान कर रहे थे। इस वजह से उसने पढ़ाई बंद कर दी। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं माने वे उसके घर में घुसकर उसे तंग करने लगे। पीड़िता ने इसकी शिकायत प्रयागराज पुलिस से की। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह अपनी बुआ के यहां आकर रहने लगी। इसका भी पता आरोपियों ने लगा लिया और वे यहां भी आने लगे। इससे परेशान होकर छात्रा 31 जनवरी को अपने दूसरे रिश्तेदार के यहां कोखराज जा रही थी। पीड़िता ने बताया कि जैसे ही वह हाईवे पर टेंपो से उतरी तभी आरोपी पीछे से आए और उसे जबरन अपनी कार में खींच लिया। इसके बाद तीन लोगों ने उसके साथ कार में ही दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे गाड़ी से बाहर फेंक कर भाग गए। छात्रा ने मामले की सूचना यूपी-112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे मूरतगंज चौकी ले गई। वहां पर पूछताछ के बाद तहरीर तो ले ली, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं किया। बताया कि उसका मेडिकल तक नहीं कराया गया। बुधवार को छात्रा एसपी से शिकायत करने आई थी। एसपी से मुलाकात नहीं होने पर छात्रा ने पीआरओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रयागराज के माफिया के गुर्गों ने जिले में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है, इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में यह स्पष्ट होगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोखराज पुलिस को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा जा रहा है। -समर बहादुर, एएसपी