मंझनपुर। कोखराज क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से लूट, हत्या और गंभीर वारदातों में शामिल छह अपराधियों के गैंग के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट ने गैंग चार्ट को मंजूरी दे दी है। मंजूरी मिलते ही पुलिस ने सभी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर लिया है।
कोखराज थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य अपनी टीम के साथ बिनावर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कार्तिक राजभर नाम का युवक एक सक्रिय गैंग चला रहा है। इस गैंग में रंजीत राजभर, मो. अकरम, शकील अहमद, आफताब और अमित कुमार उसके साथी के रूप में जुड़े हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह इलाके में लगातार लूट, मारपीट और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है। गैंग के डर से लोग पुलिस को शिकायत करने तक से कतराते थे। पहले भी इन छह आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और उसका आरोपपत्र अदालत भेजा जा चुका है।
इनकी गतिविधियों को देखते हुए थाना प्रभारी ने गैंग लीडर कार्तिक राजभर का गैंग चार्ट तैयार कर डीएम डॉ. अमित पाल शर्मा को भेजा। डीएम ने सभी तथ्यों की जांच के बाद गैंग चार्ट को मंजूरी दे दी। इसके बाद पुलिस ने छहों आरोपियों पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया।