कोतवाली के अफजलपुरवारी निवासी किसान का सोमवार रात खून से लथपथ शव मिला। वह सुबह घर से बाइक सर्विसिंग कराने की बात कहकर निकला था। फिलहाल, पुलिस किसान की मौत को हादसा मान रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अफजलपुवारी गांव निवासी आबिद हसन (52) किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार सुबह 10 वजे वह अपनी बाइक की सर्विस कराने के लिए फतेहपुर जिले के रजपालपुर स्थित एजेंसी गए थे।
इसके बाद रात करीब 11 बजे रात्रि गश्त कर रही पुलिस ने आबिद का शव अफजलपुरवारी से करीब दो किलोमीटर दूर काजीपुर गांव के पास देखा। अफजलपुरवारी चौकी प्रभारी शिवचरन राम का कहना है कि गाड़ी के नंबर के आधार पर शव की पहचान हो सकी। सूचना पर आबिद का बेटा मो. उमर मौके पर पहुंचा और उसने लाश की शिनाख्त की।
पुलिस के मुताबिक आबिद के पास से शराब की एक खाली शीशी भी बरामद हुई है। परिवार के लोगों ने बताया कि आबिद बीमार रहते थे। उन्हें ब्लड प्रेसर की समस्या थी। माना जा रहा है कि इसी कारण वह बाइक से गिर गए होंगे और उनकी मौत हो गई। पुलिस भी घटना को हादसा मान रही है। परिवार के लोगों की तरफ से भी तहरीर नहीं दी गई गई है। इंस्पेक्टर रमेश चंद्र का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के लोग तहरीर देते हैं तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर में शराब पार्टी के दौरान आबिद से मारपीट की चर्चा
आबिद की मौत से उसके तीन बेटे व तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग घटना के बाबत कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। इस दौरान चर्चा रही कि आबिद बाइक की सर्विस कराने के बाद फतेहपुर जिले के भैरमपुर गए थे।
वहां पर दोस्तों के साथ शराब की पार्टी हुई। इसी पार्टी के दौरान कुछ विवाद हो गया। इसमें आबिद के साथ मारपीट भी हुई थी। इसके बाद आबिद वहां से निकले और उनकी लाश मिली। इंस्पेक्टर रमेश चंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।