The danger of korana is increasing, nine positives were found in a day
- फोटो : KAUSHAMBI
जिले में कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को जिले में इस साल के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए। इस साल एक दिन में नौ लोग संक्रमित निकले। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार जिले में सुस्त थी। करीब एक सप्ताह से यहां भी कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इस साल अब तक एक दिन में सर्वाधिक सात मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन सोमवार को कोरोना ने एक दिन में सर्वाधिक मामलों का रिकार्ड तोड़ दिया।
सोमवार को जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी व पीएचसी पर 1511 संदिग्ध लोगों की जांच की गई। जांच में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के नौ लोग संक्रमित निकले। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को 1511 लोगों की जांच कराई गई। जिसमें नेवादा विकास खंड में छह, मंझनपुर में एक, सरसवां में एक केस सहित कुल नौ लोग संक्रमित पाए गए।
इनके इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 29 हो गई है।
सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को जिला अस्पताल सहित सभी पीएचसी व सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने 2591 को कोरोना का टीका लगाया। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के हर व्यक्ति को सभी पीएचसी, सीएचसी व जिला अस्पताल में सोमवार से लेकर शनिवार तक वैक्सीनेशन किया जा रहा है। 45 साल से अधिक उम्र के लोग टीकाकरण करा सकते हैं।