मंझनपुर/करारी (ब्यूरो)। रिश्तेदार के घर सगाई में शामिल होने भरवारी आ रहे अल्लापुर इलाहाबाद के दंपती समेत 3 लोग मार्ग दुर्घटना में जख्मी हो गए। लोहरा गांव के समीप उनकी अनियंत्रित कार पुल से टकराते हुए गहरे खड्ढ में गिर गई। तीनों घायलों को पीएचसी मूरतगंज में भर्ती कराया गया है। वहां इनकी हालत नाजुक बनी है। उधर, बुधवार की सुबह करारी के समीप टेंपो पलटने से 3 लोग घायल हो गए।
इलाहाबाद के अल्लापुर मोहल्ला निवासी राजेंद्र गुप्ता (45) बुधवार दोपहर पत्नी साधना गुप्ता (40) और एक अन्य रिश्तेदार रामनेवाज गुप्ता (50) निवासी नैनी के साथ कार से भरवारी आ रहे थे। उनकी कार जैसे ही चरवा कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव के समीप पहुंची। सड़क पर बने ब्रेकर के कारण अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराते हुए गहरे खड्ढ में गिर गई। दुर्घटना में पति-पत्नी समेत तीनों लोग घायल हो गए। कार खड्ड में गिरने से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालकर पीएचसी मूरतगंज में भर्ती कराया। वहां तीनों की हालत गंभीर बनी है।
बुधवार सुबह करारी के सोनारन टोला मोहल्ले के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टेंपो में बैठे वीरभान सिंह (18) पुत्र भारत सिंह, भारतलाल (20) पुत्र बच्चूलाल और रामबाबू (38) पुत्र कल्यान सिंह निवासी बदलेपुर करारी घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।