सिराथू (कौशाम्बी)। सैनी क्षेत्र के पथरांवा गांव की किशोरी सीमा की मंगलवार रात जलने से मौत हो गई थी। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। दिन भर चारों भाई सिसकते रहे। मां-बाप के बाद इकलौती बहन ने भी उनका साथ छोड़ दिया। दो साल के भीतर इस परिवार में हुई तीन मौतों से पूरा गांव स्तब्ध है। शाम को मासूम के अंतिम संस्कार के समय भी पूरा गांव गमगीन नजर आया।
बता दें कि मंगलवार की रात पथरावां गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र स्व. चौबे लाल की बहन सीमा (14) की संदिग्ध परिस्थितियों मेें घर के भीतर जलने से मौत हो गई थी। चर्चा है कि मंगलवार शाम सीमा से भाई का मोबाइल खो गया था। इस पर उसने सीमा को डांट दिया था। डांट से क्षुब्ध होकर वह भाई के घर से बाहर जाते ही खुद पर मिट्टी का तेल डालकर जल गई। इकलौती बहन की मौत से चारों भाईयों की रो-रोकर हालत खराब है। बता दें कि दो साल पहले सीमा के पिता चौबेलाल की मौत हो गई थी। परिवार पिता की मौत की इस त्रासदी से अभी उबर भी नहीं पाया था कि तभी मां गुजरिया ने भी संसार छोड़ दिया।
मां-बाप की मौत के बाद चार भाइयों के साथ बहन सीमा ही परिवार में बची थी। मंगलवार रात मामूली सी बात को लेकर सीमा ने स्वयं को आग के हवाले कर मौत को गले लगा लिया। ग्राम प्रधान बचानी यादव का कहना है कि हादसे के वक्त घर में सीमा के साथ उसका भाई वीरेंद्र ही था। उसके दो बड़े भाई रामचंद्र और दुलारे दिल्ली में परिवार के भरण-पोषण के लिए रहते हैं। दोनों भाई भी हादसे के बाद बहन के अंतिम संस्कार में भाग लेने पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि इस परिवार में जाने क्यों मौतों का सिलसिला चल पड़ा है। एसओ सैनी श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। परिजनों ने अभी तक किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।