पुलिस के लिए सिरदर्द बने मुंबई से आए दंपती
30 अप्रैल की रात भरवारी से भागे, अगले दिन म्योहर क्वारंटीन सेंटर से भी हुए चंपत
दंपती को फिलहाल तिल्हापुर में कराया गया है क्वारंटीन
संवाद न्यूज एजेंसी
म्योहर। लॉकडाउन के बाद मुंबई से आए पति-पत्नी पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए हैं। एकांतवास बिताने के बजाए वह लगातार भाग रहे हैं। 30 अप्रैल की रात भरवारी से भागे। फिर एक मई को दिनदहाड़े म्योहर क्वारंटीन सेंटर से चंपत हो गए। खोजबीन के बाद दंपती को तिल्हापुर मोड़ में क्वारंटीन कराया गया है। उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
नेवादा ब्लॉक क्षेत्र के हसनपुर गांव का सुग्गन पुत्र मैकू मुंबई में कपड़ों की सिलाई करता था। साथ में उसकी बीवी राधिका भी रहती थी। 30 अप्रैल को सुग्गन पत्नी के साथ मुंबई से सीधे ससुराल भरवारी पहुंच गया। सूचना पाकर पहुंची भरवारी चौकी पुलिस ने दंपती को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक रात को ही दंपती सेंटर से भागकर रिश्तेदार के यहां करारी इलाके के नौबस्ता गांव पहुंच गए। रातोरात करारी कोतवाली की अरका महावीरपुर चौकी पुलिस ने इन्हें पकड़कर म्योहर गांव स्थित क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट कराया। हैरानी की बात है कि एक मई यानी शुक्रवार की सुबह ये फिर भागकर अपने घर हसनपुर पहुंच गए। अरका चौकी प्रभारी ने हसनपुर प्रधान से फोन पर वार्ता की। प्रधान ने बताया कि दंपती को तिल्हापुर सेंटर में क्वारंटीन करा दिया गया है। चौकी प्रभारी ने दंपती की हरकतों की जानकारी पिपरी कोतवाल को दे दी है। पिपरी पुलिस तिल्हापुर सेंटर में इनकी गतिविधि पर नजर रख रही है। उधर दंपती क्वारंटीन सेंटर पर रुकने के बजाए भाग क्यों रहे हैं ? इसे लेकर लोग परेशान हैं। लोगों में कई तरह की चर्चा है। लोग कह रहे हैं कि दंपती की जांच होनी चाहिए। कहीं से संक्रमण लेकर न आए हों। अन्यथा जितनों के संपर्क में आए हैं, सभी की जान जोखिम में पड़ गई होगी।